भिलाई : चंद्रनगर कोहका क्षेत्र में कॉलोनी की सड़क पर अतिक्रमण कर पेट्रोल पंप निर्माण किए जाने के विरोध में जनहित संघर्ष समिति के संयोजक शारदा गुप्ता के नेतृत्व में कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पेट्रोल पंप का लाइसेंस निरस्त करने तथा निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
शिकायत में बताया गया कि चंद्रनगर कोहका में अग्रसेन आईटीआई के सामने सड़क की जगह पर कब्जा कर पेट्रोल पंप बनाया जा रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि शुरुआत में क्षेत्र के लोगों को यह कहकर गुमराह किया गया कि यहां कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, लेकिन बाद में यहां पेट्रोल पंप का निर्माण शुरू कर दिया गया।
कॉलोनीवासियों के अनुसार निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया गया है। जगह-जगह बड़े गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं और किसी प्रकार के बैरिकेड्स भी नहीं लगाए गए हैं, जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप निर्माण के कारण लगभग 20 फीट चौड़ी सड़क पर करीब 3 फीट तक अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई है। स्थिति यह है कि यदि एक कार सड़क में प्रवेश करती है तो दूसरी कार को वापस लौटने के लिए काफी दूर तक बैक करना पड़ता है। इससे कॉलोनीवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों ने यह भी बताया कि सरकारी नियमों के अनुसार पेट्रोल पंप स्कूल या शैक्षणिक संस्थानों से कम से कम 30 मीटर की दूरी पर होना चाहिए और घनी आबादी वाले क्षेत्र में इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। जबकि प्रस्तावित स्थल के आसपास कॉलोनी, छोटे बच्चों का स्कूल और आईटीआई जैसे शैक्षणिक संस्थान मौजूद हैं।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि चंद्रनगर की सड़क क्रमांक 6 और 7 पहले से ही काफी संकरी हैं। यदि भविष्य में किसी प्रकार की आगजनी या आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है तो दमकल वाहन या एंबुलेंस के लिए अंदर प्रवेश करना भी मुश्किल हो जाएगा।
इस संबंध में पहले भी कॉलोनी की महिलाओं ने नगर निगम आयुक्त से मिलकर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। फिलहाल तहसीलदार द्वारा इस मामले में स्टे दिया गया है। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि फिर से निर्माण की अनुमति दी गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
शिकायत करने वालों में प्रमुख रूप से चंद्रनगर विकास समिति के संयोजक शारदा गुप्ता, निशू पांडे, विनोद, संतोष सोनी, निर्मल भारती, रेखा ब्रम्हे, बसंत शुक्ला, बसंत पुरी, बीजे आनंद, दिनेश विश्वकर्मा, राजकुमार ब्रम्हे, प्रशांत पासवान, भारती राणे, सुनीता राणे, प्रमिला बोरकर, मीना सिंह, गीता चौधरी, नीलम भारती, पुष्पा देवांगन, शिवकुमारी प्रजापति, अनीता सिंह, यशोदा मिश्रा, नीलम देवी, प्रभावती, कोमल दुलानी और यश दुलानी सहित अन्य कॉलोनीवासी शामिल रहे।