राष्ट्रपति भवन में हुआ पुतिन का भव्य स्वागत, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ राजघाट पर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने दो दिवसीय भारत प्रवास पर शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए। राष्ट्रपति भवन में आयोजित औपचारिक समारोह में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर की परंपरा निभाई गई और इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहे। समारोह के बाद पुतिन राजघाट गए, जहां उन्होंने महात्मा गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

पुतिन गुरुवार रात दिल्ली पहुंचे थे, जहां एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत किया। विमान से उतरने के बाद दोनों नेता एक ही वाहन से पीएम आवास के लिए रवाना हुए। पुतिन का यह दौरा 2022 में रूस-यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार भारत आने के रूप में खास महत्व रखता है।

आज उनकी भारत यात्रा का दूसरा दिन है और यही दिन द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने में अहम साबित हो सकता है। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, ऊर्जा साझेदारी, परमाणु तकनीक और व्यापार विस्तार जैसे विषय प्रमुख चर्चा में रहेंगे। माना जा रहा है कि कई रणनीतिक समझौतों पर सहमति बनने के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से घोषणाएँ करेंगे।

शाम करीब 7 बजे राष्ट्रपति पुतिन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन लौटेंगे। इस उच्च स्तरीय बातचीत से भारत-रूस साझेदारी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *