गुरुद्वारे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, AAP नेता की हत्या से हड़कंप

जालंधर।  पंजाब के जालंधर शहर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता और पार्षद पद के पूर्व उम्मीदवार लक्की ओबरॉय की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मॉडल टाउन स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हुई, जहां हमलावरों ने खुलेआम फायरिंग की।

मिली जानकारी के अनुसार लक्की ओबरॉय रोज की तरह सुबह करीब 8:15 बजे गुरुद्वारे में दर्शन के लिए पहुंचे थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे के बाहर निकले और अपनी थार गाड़ी में बैठे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने बेहद करीब से 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं।

फायरिंग में लक्की ओबरॉय को छाती और सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जांच टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र को घेरकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गुरुद्वारे जैसे पवित्र स्थल के बाहर हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *