रायपुर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सड़क अवसंरचना और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के सामने रखे।
फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव
मुलाकात के दौरान विधायक सेन ने रायपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण लोगों को अक्सर जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने दो फ्लाईओवर के निर्माण का सुझाव दिया। प्रस्ताव के अनुसार एक फ्लाईओवर सुपेला थाना से नेहरू नगर तक और दूसरा नेहरू नगर से बायपास तक बनाया जाए, जिससे यातायात का दबाव कम हो सके और आवागमन सुगम बन सके। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं के लागू होने से भिलाई क्षेत्र में रोज लगने वाले जाम से काफी राहत मिलेगी।
कुम्हारी टोल प्लाजा का मुद्दा भी उठाया
बैठक के दौरान विधायक सेन ने कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने की मांग भी रखी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि स्थानीय लोगों को इस टोल प्लाजा के कारण लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है, इसलिए इसे बंद करने या राहत देने पर विचार किया जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक संकेत
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विधायक द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर इन मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मामलों पर सकारात्मक निर्णय लेने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
विधायक रिकेश सेन ने मुलाकात के बाद उम्मीद जताई कि यदि प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और लोगों को राहत मिलेगी।