
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर गुरुवार तड़के उस समय अफरातफरी मच गई जब एक विमान में बम होने की सूचना मिली। यह धमकी एक कागज के टुकड़े पर लिखी गई थी, जिसे एयरपोर्ट स्टाफ के एक कर्मचारी ने सुबह करीब 4:42 बजे देखा।
सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क हो गईं। दिल्ली अग्निशमन सेवा को भी मौके पर बुलाया गया। व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन तलाशी के बाद किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह एक फर्जी धमकी थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है कि यह अफवाह फैलाने के पीछे कौन था और उसका मकसद क्या था।
फिलहाल टर्मिनल-3 पर हालात सामान्य हैं और विमान सेवाएं सुचारु रूप से चल रही हैं। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए यात्रियों को असुविधा जरूर हुई, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।