PM मोदी के रायपुर दौरे से पहले सुरक्षा टाइट, SPG ने संभाला कमान

रायपुर। नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में आयोजित होने वाले 60वें अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस हाई-प्रोफाइल आयोजन में देशभर से साढ़े पांच सौ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल की मौजूदगी के कारण राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर बढ़ाई गई है।

SPG की विशेष टीम मंगलवार को रायपुर पहुंच रही है, जो कार्यक्रम स्थल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण करेगी। सम्मेलन के दौरान नया रायपुर अर्ध-सील रहेगा। राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल की 5 कंपनियां सुरक्षा ड्यूटी में तैनात होंगी। आईबी और सीआरपीएफ के जवान लगातार निगरानी में रहेंगे।

PM मोदी, गृह मंत्री शाह और अन्य वीवीआईपी के 28–29 नवंबर को रायपुर पहुंचने के चलते शहर में विशेष कारकेड रूट तैयार किया गया है। आने-जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा कड़ी की गई है। सुबह VVIP मूवमेंट और शाम की वापसी के दौरान रूट को आवश्यकता अनुसार नियंत्रित किया जाएगा ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।

सम्मेलन में शामिल होने आ रहे 550 से अधिक अफसरों को रिसीव करने के लिए एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है। उनके ठहरने के लिए रेस्ट हाउस, होटल और अन्य स्थानों में विशेष व्यवस्था की गई है। अफसरों के आवागमन के लिए विशेष बस सेवा भी तैयार की गई है। 27 नवंबर से एयरपोर्ट पर विशेष स्वागत व्यवस्था लागू होगी।

IIM नवा रायपुर परिसर में सुरक्षा का तीन-स्तरीय घेरा बनाया गया है। सम्मेलन स्थल, होटल, एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की सुरक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी SPG संभालेगी, जबकि केंद्रीय बल सहयोगी भूमिका निभाएंगे।

यह सम्मेलन राष्ट्रीय सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण, आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। राजधानी रायपुर पुलिस, केंद्रीय एजेंसियां और SPG मिलकर आयोजन को सुरक्षित और सफल बनाने में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *