सरहिंद | गणतंत्र दिवस से ठीक दो दिन पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में रेलवे सुरक्षा को लेकर गंभीर घटना सामने आई है। सरहिंद क्षेत्र में देर रात एक मालगाड़ी के गुजरने के दौरान रेलवे ट्रैक पर तेज विस्फोट हुआ, जिससे इंजन को नुकसान पहुंचा और लोको पायलट घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11 बजे खानपुर फाटक के समीप उस समय हुआ, जब फ्रेट कॉरिडोर पर चल रही मालगाड़ी आगे बढ़ रही थी। अचानक हुए धमाके से रेल पटरी का लगभग 12 फीट हिस्सा पूरी तरह उखड़ गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इंजन झटके से रुक गया और चालक को चोटें आईं।

घायल चालक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया गया।
प्रारंभिक जांच में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी। रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचने के कारण इस रूट पर मालगाड़ियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
फिलहाल पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी हैं। गणतंत्र दिवस से पहले हुई इस घटना के बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।