वैलेंटाइन डे पर सनसनी:  कार से युवक-युवती की खून से लथपथ लाश बरामद

नई दिल्ली : नोएडा में वैलेंटाइन डे के दिन एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सेक्टर-39 क्षेत्र में खड़ी एक कार के भीतर युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या से पहले हत्या की आशंका जता रही है।

बंद कार में मिला खौफनाक मंजर

घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार अंदर से लॉक थी। आसपास मौजूद एक डिलीवरी कर्मी ने कार के भीतर से तेज आवाज सुनने के बाद जब झांककर देखा तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गया। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाया तो अंदर युवक के हाथ में पिस्टल और बगल की सीट पर युवती का शव मिला।

पहचान और जांच

पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर दोनों की पहचान कर ली है। युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है, जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। युवती रेखा नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों शुक्रवार शाम से अपने-अपने घरों से लापता थे।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारी मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *