दुर्ग। छत्तीसगढ़ दुर्ग जिले से इस वक्त एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। जामुल-नंदिनी मार्ग पर आज तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक कार में सवार होकर नंदिनी से जामुल की ओर जा रहे थे। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अचानक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार प्रवीण कुमार नामक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के वक्त हुई जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर मलबे में तब्दील कार और घायलों की चीख-पुकार देखकर ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।