दुर्ग/भिलाई | स्वास्थ्य के साथ खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, एस. आर. हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के तत्वाधान में आयोजित “क्रिकेट महासंग्राम 2026” का आज (सोमवार, 12 जनवरी) भव्य शुभारंभ हो गया है। 11 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में प्रदेश भर की कई प्रमुख टीमें हिस्सा ले रही हैं।
12 से 22 जनवरी तक चलेगा टूर्नामेंट
यह टूर्नामेंट 12 जनवरी से शुरू होकर 22 जनवरी तक चलेगा, जिसमें दर्शकों को बेहतरीन क्रिकेट मुकाबले देखने को मिलेंगे। उद्घाटन समारोह की शुरुआत रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई, जिसने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जोश भर दिया।



एग्जीबिशन मैच में दिखा रोमांच
शुभारंभ अवसर पर एक शानदार एग्जीबिशन (प्रदर्शनी) मैच का आयोजन किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। यह मुकाबला एस. आर. एम. डी. इलेवन बनाम वुमन कंबाइंड टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली।
मैच आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा, जिसमें अंततः एस.आर.एम.डी. इलेवन टीम ने महिला कंबाइंड टीम को 11 रन से हरा दिया और उद्घाटन मैच अपने नाम किया।
अस्पताल प्रबंधन के चेयरमैन संजय तिवारी ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य खेल के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।