दुर्ग : दुर्ग पुलिस ने भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सक्रिय राज्यस्तरीय दोपहिया वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 31 चोरी के वाहनों को बरामद किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी ई. पापा राव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में लगातार दोपहिया वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। विशेष रूप से भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के मुख्य गेट स्थित दोपहिया पार्किंग तथा भिलाई-भट्टी क्षेत्र को आरोपियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा था। थाना भिलाई नगर में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी ई. पापा राव को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं वाहन चोरी कर उन्हें कुंकुरी (जिला जशपुर) ले जाता था, जहां अपने सहयोगियों के माध्यम से उन्हें खपाया जाता था। चोरी के वाहनों की बिक्री मनोज राम एवं राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि सहित अन्य सहयोगियों के माध्यम से की जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त किया है। आरोपी प्रायः होंडा साइन जैसे लोकप्रिय दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था।
विवेचना के दौरान कुल 31 दोपहिया वाहन जप्त किए गए हैं। इनमें भिलाई-भट्टी क्षेत्र से 13, छावनी थाना क्षेत्र से 3, रायपुर क्षेत्र से 2 वाहन तथा 3 ऐसे वाहन शामिल हैं जिनके दस्तावेज पंजीबद्ध नहीं पाए गए। प्रकरण में संबंधित अपराध क्रमांकों के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- ई. पापा राव, निवासी कुशालपुर, चंगोरा भाठा, जिला रायपुर
- मनोज राम, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर
- राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि, निवासी कुंकुरी, जिला जशपुर
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना भिलाई नगर प्रभारी, थाना स्टाफ, साइबर सेल टीम एवं विशेष जांच दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें तथा पार्किंग स्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वाहन चोरी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।