अंबिकापुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत सरगुजा संभाग में ‘सामूहिक दवा सेवन’ (MDA) अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। इस अभियान के माध्यम से सरगुजा, सूरजपुर और जशपुर जिले के 18 विकासखंडों में पात्र जनसमुदाय को फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई जा रही हैं। अब तक संभाग के तीनों जिलों में कुल 11,25,157 लोगों को दवा का सेवन कराया जा चुका है।
जिलेवार दवा सेवन के आंकड़े:
- सरगुजा: 4,46,573 लोग
- जशपुर: 4,50,819 लोग
- सूरजपुर: 2,27,765 लोग
DOT पद्धति से दी जा रही दवा
संभागीय संयुक्त संचालक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. अनिल शुक्ला ने बताया कि यह अभियान 10 फरवरी से शुरू हुआ है जो 25 फरवरी 2026 तक चलेगा। अभियान में DOT (Directly Observed Treatment) पद्धति अपनाई जा रही है, यानी दवा प्रशासक के सामने ही दवा का सेवन कराया जा रहा है। इसमें ‘ट्रिपल ड्रग थेरेपी’ के तहत DEC, एल्बेन्डाजोल और आईवरमेक्टीन की सुरक्षित और प्रभावी दवाएं दी जा रही हैं।
निःशुल्क ऑपरेशन और किट वितरण
स्वास्थ्य विभाग न केवल बचाव बल्कि उपचार पर भी जोर दे रहा है। संभाग में हाथीपांव से पीड़ित मरीजों को घरेलू रोग प्रबंधन किट उपलब्ध कराकर उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसके साथ ही, हाइड्रोसील से ग्रसित मरीजों का चिन्ह्नांकन कर उनका निःशुल्क ऑपरेशन भी कराया जा रहा है।
डॉ. शुक्ला ने संभाग के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करें और दवा का सेवन कर सरगुजा संभाग को फाइलेरिया मुक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।