दुर्ग बस स्टैंड पर प्रधान आरक्षक की अचानक मौत, जांच जारी

दुर्ग शहर से एक दुखद घटना सामने आई है। महिला थाना दुर्ग में पदस्थ प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह का मंगलवार को दुर्ग बस स्टैंड पर अचानक निधन हो गया। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह (आरक्षक क्रमांक 33), जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के निवासी थे, हाल ही में 15 दिनों की छुट्टी पर अपने गृह ग्राम गए हुए थे। छुट्टी समाप्त होने के बाद वे अपनी बेटी के साथ बस से दुर्ग लौटे थे, ताकि पुनः ड्यूटी जॉइन कर सकें।

बताया जा रहा है कि दुर्ग बस स्टैंड पर बस से उतरते समय उनका पैर फिसल गया और वे जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद उनकी बेटी और अन्य लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक तौर पर गिरने से लगी चोट को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि हृदयाघात की आशंका भी जताई जा रही है। स्पष्ट कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *