अमृतसर। पंजाब पुलिस ने सीमा से सटे अमृतसर क्षेत्र में एक बड़ी तस्करी साजिश का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के दिनों की सबसे बड़ी बरामदगी माना जा रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीमा पार से ड्रोन के जरिए भारत में नशीले पदार्थ और हथियार भेजे जाने की खुफिया सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्ध इलाकों में निगरानी बढ़ाई। कार्रवाई के दौरान गांव ओठियां के आसपास से करीब 40 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 200 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
नशीले पदार्थों के साथ-साथ पुलिस ने चार हैंड ग्रेनेड, एक पिस्तौल और कई जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप रात के समय ड्रोन के माध्यम से गिराई गई थी, जिसे आगे सप्लाई करने के लिए तस्करों द्वारा लेने की कोशिश की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से खेप ले जाने पहुंचे थे, लेकिन इलाके में चल रहे निर्माण कार्य और लोगों की मौजूदगी के कारण वे घबरा गए और वाहन छोड़कर फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों ने संदिग्ध सामान देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल इलाके को सील कर दिया गया है और फरार तस्करों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सीमा पार नेटवर्क की भी गहराई से जांच की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।