T20 वर्ल्ड कप 2026: पहले ही मैच से पहले टीम इंडिया संकट में, बुमराह की तबीयत बिगड़ी

मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज आज शनिवार 7 फरवरी से होने जा रहा है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया शाम 7 बजे अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। लेकिन मुकाबले से ठीक पहले भारतीय टीम को बड़े झटके लगे हैं, जिससे खेमे में चिंता का माहौल बन गया है।

पहले ही युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं और अब खबर है कि भारत के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी पहले मैच में खेलना संदिग्ध हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार बुमराह अचानक बीमार पड़ गए हैं, जिसके चलते टीम मैनेजमेंट उन्हें एहतियातन आराम देने पर विचार कर रहा है।

वायरल बुखार से जूझ रहे बुमराह

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को तेज वायरल बुखार हो गया है। शुक्रवार को वे वानखेड़े स्टेडियम में टीम के अभ्यास सत्र के लिए पहुंचे जरूर, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह की गेंदबाजी या ट्रेनिंग में हिस्सा नहीं लिया। विश्व कप जैसे लंबे और अहम टूर्नामेंट को देखते हुए टीम प्रबंधन उनकी सेहत को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहता। ऐसे में अमेरिका के खिलाफ पहले मुकाबले में बुमराह को आराम दिया जा सकता है।

तेज गेंदबाजी विभाग पर बढ़ा दबाव

टीम इंडिया को इससे पहले भी बड़ा झटका लग चुका है। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है। यदि बुमराह आज का मुकाबला नहीं खेलते हैं, तो भारतीय तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी पूरी तरह मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के कंधों पर होगी। तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका उपकप्तान हार्दिक पंड्या निभा सकते हैं।

पहले मैच से पहले बदला समीकरण

कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए यह स्थिति किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। अमेरिका जैसी उभरती टीम के खिलाफ भले ही भारत मजबूत दावेदार माना जा रहा हो, लेकिन प्रमुख गेंदबाजों की गैरमौजूदगी टीम संयोजन को प्रभावित कर सकती है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मैच से पहले बुमराह की फिटनेस पर क्या अंतिम फैसला लिया जाता है और टीम इंडिया किस संयोजन के साथ मैदान में उतरती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *