तर्रा-जामगांव एम के बीच भीषण भिड़ंत: आमने-सामने टक्कर में नवीन की मौत, मुरलीधर गंभीर

दुर्ग : दुर्ग जिले पाटन थाना क्षेत्र में रविवार शाम तर्रा से जामगांव एम के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। आमने-सामने हुई तेज रफ्तार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पाटन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों दोपहिया वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।

आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत

थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजे तर्रा बाजार से एक बाइक क्रमांक CG07DA1755 सवार युवक जामगांव एम की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी दोपहिया वाहन स्कूटी क्रमांक CG07BF3034 से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ सेकंड के भीतर ही घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर ही थम गई सांसें

इस हादसे में नवीन कुमार, निवासी बोरसी ,36वर्ष (दुर्ग), की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि युवक को गंभीर सिर में चोट आई थी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।

घायल का इलाज जारी

दुर्घटना में जामगांव एम निवासी मुरलीधर दीवान 63 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

जांच जारी, वाहन जब्त

पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *