अमरनाथ यात्रा से पहले आतंकी साजिश नाकाम, उधमपुर के बसंतगढ़ में जैश का सरगना ढेर, तीन आतंकी घेरे में

जम्मू-कश्मीर | जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के दूरदराज व पहाड़ी क्षेत्र बसंतगढ़ के घने जंगलों में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है, जो आतंकी समूह का सरगना बताया जा रहा है। तीन अन्य आतंकी अब भी घेरे में हैं, जिनके मारे जाने की संभावना जताई जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों ने पुष्टि की है कि ये आतंकी पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) संगठन से जुड़े हैं। इनके पास अत्याधुनिक एम-4 कार्बाइन जैसे घातक हथियार बरामद हुए हैं।

ऑपरेशन ‘बिहाली’ नाम की गई कार्रवाई

मुठभेड़ के लिए चलाया गया यह अभियान ‘ऑपरेशन बिहाली’ नाम से चल रहा है, जो सेना की व्हाइट नाइट कोर और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई है। खुफिया सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह बसंतगढ़ के बिहाली जंगल में तलाशी अभियान शुरू हुआ था। सुबह करीब 8:30 बजे आतंकियों से आमना-सामना होते ही गोलीबारी शुरू हो गई।

चारों ओर से घेरा, भागने के रास्ते बंद

सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया है और आतंकियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षाबलों की टुकड़ियाँ भी विभिन्न दिशाओं से भेजी गई हैं।

मौसम बना चुनौती, ऑपरेशन फिर भी जारी

घने जंगल, पहाड़ी इलाका, बारिश और धुंध जैसे मौसम की चुनौतियों के बावजूद सुरक्षाबल पूरे समन्वय के साथ ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। मुठभेड़ स्थल की लगातार निगरानी की जा रही है।

अमरनाथ यात्रा से पहले बड़ी सफलता

यह मुठभेड़ 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के मद्देनज़र सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। समय रहते मिली यह सफलता संभावित आतंकी हमलों को रोकने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल ऑपरेशन जारी है और तीनों आतंकियों को पकड़ने या मार गिराने के लिए सुरक्षाबल रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *