छत्तीसगढ़ के ‘खजुराहो’ भोरमदेव का बदलेगा स्वरूप, आज सीएम साय करेंगे भोरमदेव कॉरिडोर का शिलान्यास

कवर्धा। नववर्ष के अवसर पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल भोरमदेव मंदिर क्षेत्र के लिए एक अहम विकास पहल की शुरुआत होने जा रही है। ‘छत्तीसगढ़ के खजुराहो’ के रूप में पहचान रखने वाले इस ऐतिहासिक स्थल को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आज भोरमदेव कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा।

करीब 146 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है। प्रस्तावित कॉरिडोर के तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए बेहतर सड़कें, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश द्वार, पार्किंग और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जाएगा।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

राज्य सरकार का मानना है कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद भोरमदेव क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *