शादी में मिला अनोखा तोहफा,दुल्हा-दुल्हन को उपहार में मिला हेलमेट

दुर्ग/10 मार्च/ महापौर  अलका बाघमार ने एक अनोखी पहल करते हुए तीन अलग-अलग शादियों में पहुंचकर नव-विवाहित वर-वधु को महंगें गिफ्ट की जगह उन्हें हेलमेट भेंट किया।

और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

उनका यह प्रयास शादियों में चर्चा का विषय बना।

इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने नव-दंपतियों को उनके नए जीवन की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

साथ ही नव-दंपतियों से अपील की कि वे स्वयं भी हेलमेट पहनें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके। महापौर की इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाला सराहनीय कदम बताया।

महापौर अलका बाघमार ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शादियों में केवल फूल-गुलदस्ते देने की परंपरा के बजाय नवदंपतियों को हेलमेट भेंट करने की पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट एक जीवन कवच” है, जो सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

महापौर ने कहा कि यदि शादी जैसे शुभ अवसरों पर हेलमेट भेंट करने की परंपरा शुरू हो जाए तो इससे समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को सुरक्षित जीवन जीने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *