समलैंगिक ऐप चैट से शुरू हुई मुलाकात, मौत पर खत्म हुई कहानी — पुलिस जांच में जुटी

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। सेक्टर-74 की नार्थ आई सोसाइटी की आठवीं मंजिल से एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अलीगढ़ के हरदुआगंज निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शुभम की मुलाकात एक ऑनलाइन ऐप के जरिए समलैंगिक समुदाय से जुड़े कुछ युवकों से हुई थी। करीब छह महीने से शुभम उनकी संपर्क में था और सभी ने नोएडा सेक्टर-74 स्थित एक फ्लैट में मिलने का कार्यक्रम तय किया था। बताया गया कि यह फ्लैट शॉर्ट-टर्म रेंटल ऐप के जरिए बुक किया गया था, जहां सभी युवक इकट्ठा हुए थे।

रात के दौरान अचानक शुभम आठवीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। सोसाइटी के गार्ड और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और शुभम को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर सेक्टर-113 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में यह पता चला कि हादसे के बाद कुछ युवक वहां से भाग गए, जबकि दो युवक मौके पर मौजूद मिले। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि फिलहाल दो युवकों से पूछताछ जारी है और मृतक के परिजनों की तहरीर के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शुभम की मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई साजिश या विवाद है।

फिलहाल पुलिस ने फ्लैट को सील कर दिया है और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *