नक्सलवाद की जंग खत्म या बाकी है लड़ाई? आज डेडलाइन पर सरकार देगी पूरी जानकारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने की जो समय-सीमा तय की गई थी, उसका आज आखिरी दिन है। ऐसे में पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर हलचल तेज है और सभी की नजरें सरकार की ओर से आने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।

राजधानी रायपुर में आज राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर अहम जानकारी साझा करेंगे। वे दोपहर 1 बजे रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान अब तक की कार्रवाई, सुरक्षा बलों की उपलब्धियां और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और मीडिया हलकों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। माना जा रहा है कि गृहमंत्री के बयान से यह साफ हो सकेगा कि राज्य में नक्सल विरोधी अभियान किस स्थिति में है और आने वाले समय में सरकार की क्या योजना रहने वाली है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में नक्सलवाद के मुद्दे पर सरकार की रणनीति और अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी दी थी। लोकसभा में इस विषय पर चर्चा भी हुई, जिसमें सुरक्षा बलों की कार्रवाई और सरकार की योजना पर प्रकाश डाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *