दुर्ग: बिना अनुमति मार्ग जाम कर शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली दुर्ग द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 दिसंबर 2025 को पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कुछ लोगों ने जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी दरों के विरोध में बिना पूर्व अनुमति के सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस बल द्वारा समझाइश दिए जाने पर प्रदर्शनकारियों ने हाथापाई की और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए आवागमन रोक दिया।
घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर सहित अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आई थीं। मामले में अपराध क्रमांक 609/2025 के तहत धारा 221, 126(2), 191(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सतत पतासाजी के दौरान फरार आरोपी प्रदीप सिन्हा (36 वर्ष), निवासी सरस्वती नगर, दुर्ग को 20 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति प्रदर्शन कर सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन से पूर्व विधिसम्मत अनुमति अवश्य प्राप्त करें।