दुर्ग। “अब न प्यारे वक़्त है आराम का, आ गया लो मेला मेरे श्याम का…” की गूंज के साथ कल संस्कारधानी दुर्ग पूरी तरह से श्याममयी होने जा रही है। फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर, गंजपारा से एक भव्य और ऐतिहासिक निशान यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर को खाटू धाम के रंगों में सराबोर कर देगी।
खाटू धाम जैसा होगा नजारा
शुक्रवार, 27 फरवरी को सुबह 7 बजे से शुरू होने वाली इस यात्रा में श्रद्धालुओं को राजस्थान के खाटू धाम जैसा अनुभव होगा। यात्रा की शुरुआत रिंग्स (रींगस) रूपी विशेष गेट से होगी। इस दौरान बाबा श्याम के भक्तों पर इत्र, गुलाल और फूलों की अमृत वर्षा की जाएगी। यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र घोड़े, बग्गी और सजे-धजे रथ होंगे, जो इस धर्म यात्रा को और भी अलौकिक बनाएंगे।

भजनों की गंगा और भक्तों का उत्साह
हजारों की संख्या में श्याम भक्त हाथों में केसरिया निशान लेकर बाबा के भजनों पर थिरकते हुए निकलेंगे। यह यात्रा गंजपारा से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री श्याम मंदिर, कादंबरी नगर में संपन्न होगी। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य दुर्ग नगर को फाल्गुन के पावन अवसर पर खाटू धाम जैसा स्वरूप देना है।
कार्यक्रम सुबह 7:00 बजे, श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर, गंजपारा से शुरू होगी और समापन श्री श्याम मंदिर, कादंबरी नगर में होगी।
इसके अलावा आज भजन संध्या आयोजित की जाएगी। आयोजनकर्ताओं समस्त श्याम प्रेमियों ने नगरवासियों से अपील की है कि इस भव्य निशान यात्रा का हिस्सा बनकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करें।