ईरान संग जंग के बीच ट्रंप सरकार का अलर्ट: ‘अपनी सुरक्षा खुद करें, निकासी संभव नहीं’

यरूशलम : मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच इज़रायल स्थित अमेरिकी दूतावास ने ताज़ा सुरक्षा परामर्श जारी कर अपने नागरिकों को सतर्क रहने और व्यक्तिगत सुरक्षा के इंतज़ाम स्वयं करने को कहा है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा परिस्थितियों में वह बड़े पैमाने पर निकासी या सीधे देश छोड़ने में मदद देने की स्थिति में नहीं है।

जारी बयान में कहा गया है कि क्षेत्रीय सुरक्षा हालात तेजी से बदल रहे हैं और किसी भी समय स्थिति बिगड़ सकती है। रॉकेट, मिसाइल, मोर्टार हमलों और ड्रोन गतिविधियों का खतरा बना हुआ है, जो अक्सर बिना पूर्व चेतावनी के सामने आते हैं। ऐसे में अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि अलर्ट जारी होते ही नजदीकी सुरक्षित शेल्टर में पहुंचें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।

दूतावास ने यह भी संकेत दिया है कि सुरक्षा कारणों से अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिजनों की आवाजाही पर अचानक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इसमें संवेदनशील इलाकों—जैसे यरुशलम का पुराना शहर और वेस्ट बैंक के कुछ हिस्से—की यात्रा सीमित या पूरी तरह प्रतिबंधित करना शामिल हो सकता है।

इज़रायल से बाहर जाने के विकल्पों पर जानकारी साझा करते हुए दूतावास ने बताया कि इज़रायली पर्यटन मंत्रालय द्वारा ताबा बॉर्डर क्रॉसिंग के लिए शटल सेवा संचालित की जा रही है। इच्छुक यात्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम सूची में दर्ज करा सकते हैं। हालांकि, दूतावास ने साफ किया कि वह इस सेवा के उपयोग को लेकर कोई आधिकारिक सिफारिश नहीं दे रहा और इसका इस्तेमाल करने वालों की सुरक्षा की गारंटी अमेरिकी सरकार नहीं ले सकती।

जॉर्डन की ओर प्रस्थान करने वालों के लिए सुझाव दिया गया है कि वे दक्षिणी शहर इलियट तक पहुंचकर वहां से यित्जाक राबिन बॉर्डर क्रॉसिंग तक निजी साधनों से जा सकते हैं। विभिन्न शहरों—जैसे हर्जलिया, हाइफा, यरुशलम और तेल अवीव—से निर्धारित स्थानों पर बस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

दूतावास ने सभी अमेरिकी नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी सीमा पार करने से पहले स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों की जांच करें और आधिकारिक घोषणाओं पर लगातार नजर बनाए रखें। बयान में दोहराया गया है कि बदलती परिस्थितियों में व्यक्तिगत सतर्कता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *