इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हाल ही में हुई टेलीफोन वार्ता को “बेहद सकारात्मक और सार्थक” बताया। ट्रंप के अनुसार, बातचीत के दौरान पुतिन ने मध्य पूर्व में शांति बहाली की दिशा में अमेरिका की भूमिका की प्रशंसा की और इसे “सदियों पुराना सपना” पूरा होने जैसा बताया।
अगले हफ्ते उच्च स्तरीय वार्ता की तैयारी
ट्रंप ने जानकारी दी कि दोनों देशों ने अगले सप्ताह उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित करने पर सहमति जताई है। इन बैठकों का नेतृत्व अमेरिकी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रूबियो और उनके रूसी समकक्ष करेंगे। हालांकि स्थान अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसके बाद राष्ट्रपति स्तर की बैठक बुडापेस्ट, हंगरी में आयोजित की जाएगी। इस मुलाकात का मुख्य एजेंडा यूक्रेन-रूस युद्ध को खत्म करने के ठोस रास्ते तलाशना होगा।
जेलेंस्की से भी मुलाकात तय
ट्रंप ने कहा कि वे जल्द ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से व्हाइट हाउस में मुलाकात करेंगे। इस बैठक में पुतिन के साथ हुई बातचीत और संभावित शांति पहल पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि जेलेंस्की ने पहले ही अमेरिका से टॉमहॉक मिसाइलों की बिक्री को लेकर समर्थन जताया है, जिससे यूक्रेन अपनी रक्षा क्षमता को मजबूत कर सके और रूस पर दबाव बढ़ा सके।

व्यापारिक सहयोग पर भी हुई बात
वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने युद्ध के बाद अमेरिका और रूस के बीच संभावित व्यापारिक सहयोग और आर्थिक संबंधों को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
ट्रंप का विश्वास: शांति की दिशा में अहम कदम
ट्रंप ने कहा कि यह बातचीत बेहद उपयोगी रही और इससे द्विपक्षीय रिश्तों में सकारात्मक गति आई है। उन्होंने विश्वास जताया कि बुडापेस्ट में प्रस्तावित बैठक और जेलेंस्की के साथ होने वाली मुलाकात वैश्विक शांति स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी।