रायपुर। राजधानी में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित न्यूड पार्टी पोस्टर ने हड़कंप मचा दिया है। इस पोस्टर में युवाओं को शराब लेकर आने और अश्लील गतिविधियों में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सफाई देने एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे, तभी उन्हें हिरासत में ले लिया गया। वर्तमान में दोनों से क्राइम ब्रांच में पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों को किसी भी हाल में अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल क्राइम ब्रांच टीम डिजिटल अकाउंट्स की जांच कर रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क और आयोजकों का पता लगाया जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने इस घटना पर विरोध जताया है। उनका कहना है कि अश्लील पार्टियों को छत्तीसगढ़ की धरती पर किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से ऐसे आयोजनों पर कड़ी रोक लगाने की मांग की है।
गौरतलब है कि यह पोस्टर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के एक अकाउंट से शेयर किया गया था। इसमें पार्टी का प्रचार ‘न्यूड पार्टी’ और ‘स्ट्रेंजर हाउस पार्टी’ जैसे नामों से किया गया। पोस्टर में 21 सितंबर को पार्टी की तारीख बताई गई थी, हालांकि आयोजन स्थल और आयोजकों की पहचान अब तक सामने नहीं आई है।