CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में बीते दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से अब लोगों को कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक प्रदेश में सर्दी की तीव्रता कम रहने की संभावना है। रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है।
अगले चार दिन ठंड से राहत
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पूर्वी भारत में सक्रिय जेट स्ट्रीम के कारण उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार फिलहाल थम गई है। इसका असर छत्तीसगढ़ पर भी देखने को मिल रहा है। इसी वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला कुछ दिनों के लिए रुक गया है। बस्तर अंचल में तो न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है।
बीते दिनों रही शीतलहर की स्थिति
जनवरी के शुरुआती दस दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज सर्दी का असर रहा। सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। दिसंबर के बाद जनवरी के पहले पखवाड़े में भी लंबे समय तक लोगों को ठिठुरन झेलनी पड़ी।
11 से 15 जनवरी तक राहत
मौसम विभाग के अनुसार 11 से 15 जनवरी के बीच ठंड का असर कुछ कमजोर रहेगा। रविवार को प्रदेश में सर्दी की तीव्रता पहले की तुलना में कम दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 3.9 डिग्री कम रहा। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री कम है।
मौसम में इस बदलाव से अगले कुछ दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।