किसानों से सीधे संवाद के लिए दुर्ग पहुंचेंगे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि योजनाओं पर होगी चर्चा

केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 31 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने इस प्रवास के दौरान वे गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे और जिले में चल रहे कृषि एवं ग्रामीण विकास कार्यों की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे।

अपने तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री सुबह 10 बजे रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा दुर्ग के लिए रवाना होंगे। सबसे पहले वे पूर्वान्ह 11 बजे ग्राम गिरहोला पहुंचेंगे, जहां चयनित उच्च कृषि ग्राम में संचालित कृषि फार्म का निरीक्षण करेंगे। यहां मंत्री आधुनिक खेती, नवीन तकनीकों के प्रयोग, सिंचाई संसाधनों, फसल विविधता और किसानों द्वारा अपनाए गए नवाचारों की जानकारी लेंगे।

इसके बाद दोपहर 12 बजे उनका आगमन ग्राम खपरी में होगा। इस अवसर पर वे किसानों, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ-साथ किसानों की समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की जाएगी।

दोपहर 12:30 बजे केंद्रीय कृषि मंत्री कुम्हारी पहुंचेंगे, जहां भव्य किसान मेले का आयोजन किया गया है। किसान मेले में वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर किसानों को संबोधित करेंगे। मेले में उन्नत बीज, कृषि यंत्र, ड्रोन आधारित खेती, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा परीक्षण तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से जुड़े विभिन्न विभागीय स्टॉल लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से किसानों को नवीन जानकारियां और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

यह दौरा जिले के किसानों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं को समझने और अपनी बात सीधे मंत्री तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *