केंद्रीय बजट: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बजट को बताया ऐतिहासिक, आयुर्वेद एम्स की घोषणा छत्तीसगढ़ के लिए साबित हो सकता है ‘मील का पत्थर’

दुर्ग | केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज संसद में पेश किए गए 12वें केंद्रीय बजट का दुर्ग में भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है। बजट के तुरंत बाद दुर्ग स्थित भाजपा कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बजट की बारीकियों और छत्तीसगढ़ को होने वाले फायदों पर चर्चा की।

विकसित भारत की ओर मजबूत कदम

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने बजट की सराहना करते हुए इसे गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हितों को समर्पित बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक सशक्त दस्तावेज है।

छत्तीसगढ़ को मिल सकती है आयुर्वेद एम्स की सौगात

शिक्षा मंत्री ने बजट में आयुर्वेद एम्स (Ayurveda AIIMS) की स्थापना की घोषणा को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ प्राकृतिक चिकित्सा और आयुर्वेद के दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध राज्य है। यहाँ आयुर्वेद एम्स की स्थापना स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति ला सकती है.और आयुष अनुसंधान के क्षेत्र में प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।”

मिलेगा विकास को नया आयाम

शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि बजट के प्रावधानों से न केवल बुनियादी ढांचे का विकास होगा, बल्कि छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में स्वास्थ्य और शिक्षा की गुणवत्ता में भी भारी सुधार होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने बजट को सर्वस्पर्शी और भविष्योन्मुखी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *