- पटेल चौक पर फूंका पीएम का पुतला
दुर्ग, 28 फरवरी । भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में आज पूरे देश के साथ-साथ दुर्ग में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। जिला युवा कांग्रेस दुर्ग (ग्रामीण) ने इस गिरफ्तारी को ‘अलोकतांत्रिक’ करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
पटेल चौक पर जमकर हुआ प्रदर्शन
जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) के अध्यक्ष जयंत देशमुख के दिशा-निर्देश में शनिवार दोपहर 12 बजे भारी संख्या में कार्यकर्ता पटेल चौक पर एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला छीनने को लेकर हल्की झूमाझटकी भी हुई।

लोकतंत्र की हत्या कर रही है सरकार’
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री लोकतंत्र की हत्या करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है और यह युवाओं की आवाज को दबाने का एक विफल प्रयास है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को तत्काल और बिना शर्त रिहा किया जाए।

युवाओं ने दी चेतावनी
उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि केंद्र की “दमनकारी नीतियों” से युवा कांग्रेस डरने वाली नहीं है। अगर हमारे नेता की रिहाई जल्द नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन में दुर्ग ग्रामीण के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।