दुर्ग पुलिस लाइन में योग और मानसिक स्वास्थ्य शिविर: स्वामी शिवध्यानम सरस्वती ने सिखाए तनाव मुक्ति के गुर

दुर्ग | 21 फरवरी|पुलिसकर्मियों की शारीरिक सुदृढ़ता और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन, दुर्ग स्थित उद्यान में एक विशेष योग शिक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सत्र में विश्व प्रसिद्ध बिहार स्कूल ऑफ योगा, मुंगेर के अध्यक्ष स्वामी शिवध्यानम सरस्वती मुख्य वक्ता और प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे।

तनाव नियंत्रण और सकारात्मक दृष्टिकोण पर जोर स्वामी शिवध्यानम सरस्वती ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन ड्यूटी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग एक अचूक अस्त्र है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से तनाव नियंत्रण और दैनिक जीवन में अनुशासन के महत्व पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में लगभग 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और योग की बारीकियों को समझा।

इन अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका

इस सफल आयोजन के समन्वय में उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) चन्द्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, उप निरीक्षक  संजय देवांगन एवं लाइन स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने अपने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपील की है कि वे नियमित योग और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ शरीर और शांत मन न केवल व्यक्तिगत जीवन के लिए सुखद है, बल्कि इससे कर्तव्य निर्वहन में दक्षता और अनुशासन भी बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *