साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में 13 म्यूल बैंक खाताधारक गिरफ्तार

भिलाई। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और उसे छिपाने के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने थाना सुपेला और थाना भिलाई नगर क्षेत्र से कुल 13 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। जांच में इन बैंक खातों के माध्यम से 10 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध राशि का ट्रांजेक्शन सामने आया है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध एवं म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला, थाना भिलाई नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने अथवा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों को साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन और हस्तांतरण के लिए उपलब्ध कराया था।

2 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन

जांच में सामने आया कि बैंक खाताधारक 2 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के बदले अपने बैंक खातों से संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराते थे। एजेंटों के माध्यम से यह सामग्री साइबर अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने, दूसरे खातों में ट्रांसफर करने और रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता था।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 9 अगस्त 2026 को थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 679/2026 के तहत धारा 318(2), 318(3), 318(4) बीएनएस में 10 आरोपियों तथा थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत इन्हीं धाराओं में 3 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

बंधन बैंक और पीएनबी के खातों का इस्तेमाल

थाना सुपेला क्षेत्र में बंधन बैंक से संबंधित 10 खाताधारकों के बैंक खातों का साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल पाया गया। वहीं थाना भिलाई नगर क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक से संबंधित 3 खाताधारकों के खातों में संदिग्ध लेन-देन सामने आया।

इस मामले में  सुपेला पुलिस ने अनिरुद्ध बेसरा (26), डिकेश साहू उर्फ गोल्डी (23), संदीप खन्ना (24), दिलबाग सिंह (30), शिव कुमार (32), सुमीत कुमार (26), रेहान कुरैशी (20), ललीत कुमार (24), भोज कुमार देवांगन (24) और धनेश्वर यादव (21)वर्ष और भिलाई नगर पुलिस ने  अमित कुमार (43), गोपी सोनी (21) और प्रीति उपाध्याय को गिरफ्तार किया है।

पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस मामले में साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *