क्रेटा कार के गुप्त चेंबर से 14.5 किलो गांजा बरामद, दुर्ग पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कुम्हारी एवं एसीसीयू/क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक क्रेटा कार के चारों दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबरों से 14.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा, वाहन, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एच एक्स 6908 को रोककर जांच की गई।

प्रारंभिक जांच में वाहन से गांजे की गंध आने पर पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान पता चला कि तस्करों ने वाहन के चारों दरवाजों के अंदर विशेष रूप से गुप्त चेंबर तैयार किए थे। इनमें गांजा छिपाकर ऊपर से फाइबर शीट चिपका दी गई थी, जिससे सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल था। पुलिस ने गुप्त चेंबरों से कुल 14.5 किलो गांजा बरामद किया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तीरथा ठेला (36 वर्ष), निवासी नुआपाड़ा, ओडिशा तथा किशन जगत (35 वर्ष), निवासी कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई में अवैध बिक्री के लिए ला रहे थे। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए वाहन के दरवाजों में विशेष छिपाने की व्यवस्था बनाई थी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलोग्राम गांजा, क्रेटा वाहन, 22 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 17.77 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *