विधायक निधि से 16 शासकीय स्कूलों को मिले 25 कंप्यूटर सिस्टम, विद्यार्थियों को मिलेगा डिजिटल शिक्षा का लाभ

भिलाई नगर, 25 जुलाई। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक निधि से क्षेत्र के 16 शासकीय विद्यालयों को 25 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराए हैं। इस पहल का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना है।

विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल संसाधनों और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित अध्ययन का लाभ मिलेगा। इससे विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल का विकास होगा तथा वे भविष्य की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।

इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक हो गई है। सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी निजी विद्यालयों की तरह आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध हों, इसी सोच के साथ विधायक निधि से कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराए गए हैं।

विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कंप्यूटर सिस्टम मिलने से विद्यार्थियों को प्रायोगिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा और स्कूलों में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा को नई गति मिलेगी।

इन विद्यालयों को मिले कंप्यूटर सिस्टम

  • शासकीय हाई स्कूल, जुनवानी
  • शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुपेला
  • गुरु घासीदास शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोहका
  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुपेला
  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोसा नगर
  • स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जुनवानी
  • शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वैशाली नगर
  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुरुद
  • स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, हाउसिंग बोर्ड
  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुक्तिधाम रामनगर
  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वृंदा नगर
  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैंप-1
  • स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जेपी नगर (कैंप-2)
  • शासकीय हाई स्कूल, कैंप-2
  • शासकीय हाई स्कूल, कृष्णा नगर (सुपेला)
  • स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, फरीद नगर

यह पहल क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में भी सुधार होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *