महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त कल होगी जारी, 67.38 लाख महिलाओं के खातों में आएंगे पैसे

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी खबर है। योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे।

इस किस्त के तहत ई-केवाईसी पूरा करा चुकीं 67 लाख 38 हजार 217 महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से कुल ₹632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की सहायता राशि मिलेगी।

31 किस्तों में मिल चुके हैं ₹20 हजार करोड़ से ज्यादा

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू है। योजना के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाए गए 70 लाख 9 हजार 578 हितग्राहियों को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का भुगतान किया गया था।

योजना शुरू होने के बाद अब तक 31 किस्तों में ₹20,075.71 करोड़ की सहायता राशि मंजूर की जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत वितरित कुल राशि बढ़कर ₹20,708.11 करोड़ हो जाएगी।

67.38 लाख हितग्राहियों को मिलेगा भुगतान

अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए विभाग ने पात्र हितग्राहियों की अद्यतन स्थिति के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की है। कुल 68 लाख 52 हजार 661 पात्र हितग्राहियों में से 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राही नियमित 32वीं किस्त के भुगतान के लिए अनुमोदित किए गए हैं।

इसके अलावा नियद नेल्लानार योजना के हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान के लिए 6 हजार 903 हितग्राहियों को शामिल किया गया है। इस तरह कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को डीबीटी के जरिए राशि भेजी जाएगी।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर

महतारी वंदन योजना के तहत दी जाने वाली राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से पहुंचाई जाती है। सरकार के अनुसार, इस राशि का उपयोग महिलाएं सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम से जुड़ी जरूरतों में कर रही हैं।

8 अक्टूबर को होने वाले भुगतान के बाद प्रदेश की लाखों महिलाओं को योजना की 32वीं किस्त का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *