टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में 2 महिलाओं समेत 4 और गिरफ्तार, ट्रेन से मुंबई लाए गए थे हथियार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान महाराष्ट्र पुलिस की सीआईडी, मुंबई टीम ने उनसे पूछताछ और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है।

अमृतसर से मंगाई गई थी पिस्तौल और कारतूस

जांच में सामने आया है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस की व्यवस्था की थी। इसके बाद उसने राधा और बबीता को हथियार लेकर मुंबई भेजा। फायरिंग की घटना के बाद दोनों महिलाएं दिल्ली लौट रही थीं। इसी दौरान 20 अक्टूबर को उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, कुणाल और सुमित को सोनीपत से पकड़ा गया।

इस मामले में इससे पहले राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुंबई पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तारों की जांच

पुलिस अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित की भूमिका और फायरिंग के पीछे की पूरी साजिश की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए थे। पुलिस मामले में आरोपियों के नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *