सेलूद। पाटन ब्लॉक के सेलूद भाठापारा स्थित तंदुला नहर में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। रायपुर के गुढ़ियारी से सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए 5 वर्षीय खिलाड़ी शिवम यादव नहर के तेज बहाव में बह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास तंदुला नहर की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि नहर किनारे हाथ-पैर धोने के दौरान काई और ढलान के कारण उनका पैर फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण शिवम खुद को संभाल नहीं सके और गहरे पानी में चले गए।
हादसा होते देख आसपास मौजूद साथी खिलाड़ियों ने शिवम को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की तेज धार के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते शिवम पानी में ओझल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही सेलूद के सरपंच खिलेश मार्कंडेय मौके पर पहुंचे और तत्काल उतई पुलिस तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद बच्चे की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
हादसे की खबर फैलते ही प्रतियोगिता स्थल और नहर के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मासूम खिलाड़ी के नहर में बह जाने से परिजनों और साथी खिलाड़ियों में शोक का माहौल है।