नारायणपुर के 50 युवाओं को मिलेगी मुफ्त PSC-व्यापम कोचिंग, आवास-भोजन की भी सुविधा

रायपुर, 12 सितंबर 2026। बस्तर अंचल के दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं के लिए तैयार करने की दिशा में नारायणपुर जिले में नई पहल शुरू की गई है। जिला प्रशासन ने जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) निधि से संचालित निःशुल्क PSC एवं व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर की शुरुआत की है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शुरू किए गए इस कोचिंग सेंटर का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और संसाधनों के अभाव से जूझ रहे मेधावी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

कोचिंग के पहले बैच में पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से 50 प्रतिभावान अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 26 बालिकाएं और 24 बालक शामिल हैं। शुभारंभ अवसर पर चयनित विद्यार्थियों को बैग, कॉपी, पुस्तकें, पेन और अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री प्रदान की गई।

चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा के साथ विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित कक्षाएं दी जाएंगी। विद्यार्थियों को राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) और व्यापम की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

योजना के संचालन की जिम्मेदारी आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को दी गई है। वे कोचिंग सेंटर की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की निगरानी करेंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, छोटेडोंगर सरपंच, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *