शराब में जहर मिलाकर 8 लोगों को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार/कसडोल, कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम खर्वे में बीते चार महीनों में हुई 8 संदिग्ध मौतों का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इन सभी हत्याओं के पीछे गांव का ही निवासी रामसहाय जायसवाल (46 वर्ष) निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब में जहर (सुहागा) मिलाकर अपने परिचितों को मौत के घाट उतारा।

पुलिस के अनुसार, फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में लगातार 8 लोगों की संदिग्ध मौत हुई थी, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। 6 जून को ग्रामीणों ने एसडीओपी कसडोल को आवेदन देकर गांव के ही रामसहाय जायसवाल पर संदेह जताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और 7 शवों का उत्खनन कर पोस्टमार्टम के लिए रायपुर भेजा गया। एक मृतक का पहले ही अंतिम संस्कार हो चुका था।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले कुत्ते पर जहर का परीक्षण किया, और सफल होने के बाद एक-एक कर गांव के लोगों को निशाना बनाया। आरोपी ने छोटी-छोटी रंजिश, गाली-गलौज, कर्ज विवाद, चरित्र संदेह और टोना-टोटका जैसे कारणों से इन हत्याओं को अंजाम दिया।

हत्या का तरीका एक जैसा
आरोपी लोगों को शराब पिलाने के बहाने बुलाता और उसमें सुहागा (जहर) मिलाकर पिला देता था। इसके बाद मौत होने पर वह खुद अस्पताल ले जाने और अंतिम संस्कार में भी शामिल होकर शक से बचता रहा।

घटनाओं का क्रम
पहली हत्या 6 फरवरी को बद्री की हुई। इसके बाद 20 फरवरी को बुठालु, 12 मार्च को छत्तूराम, 20 मार्च को बुधराम, 31 मार्च को विनोद, 28 अप्रैल को गजानंद, 29 अप्रैल को चैतूराम और 14 मई को महेतरू राम की हत्या इसी तरीके से की गई।
इसके अलावा 14 अप्रैल को कार्तिक को भी जहर दिया गया, लेकिन वह बच गया।

पुलिस पूछताछ में कबूला गुनाह
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 8 हत्या और 1 हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

इस पूरे मामले की जांच आईजी रायपुर के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह और एसडीओपी कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम की सतर्कता और सूझबूझ से इस जटिल मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।

यह मामला प्रदेश में बेहद सनसनीखेज और चर्चित बन गया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *