रायपुर। हर घर तक नल से जल पहुंचाने की दिशा में रायपुर जिला तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन में रायपुर जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। कार्य पूर्णता के मामले में रायपुर, धमतरी के बाद छत्तीसगढ़ में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
जिले के कुल 477 गांवों को इस मिशन में शामिल किया गया है, जिनमें से 247 गांवों में काम पूरा कर नल से जल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इन गांवों में अब योजनाओं का संचालन और संधारण ग्राम पंचायतों के माध्यम से किया जा रहा है। पंचायतें स्वयं पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी निभा रही हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग रायपुर के कार्यपालन अभियंता अनिल कुमार बच्चन ने बताया कि मार्च 2026 तक शेष 126 गांवों में कार्य पूर्ण कर हर घर तक नल से जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 477 गांवों में पानी की टंकियों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से 393 प्रस्तावित टंकियों में 377 का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 16 पर कार्य प्रगति पर है।
बच्चन ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत रायपुर में कार्य वर्ष 2020-21 में प्रारंभ हुआ था। सभी निविदाएं ऑनलाइन आमंत्रित की गईं और नियमानुसार ठेकेदारों को कार्यादेश जारी किए गए। किसी भी निर्माण एजेंसी को कार्य पूर्णता से पहले एनओसी जारी नहीं की गई है।
धरसींवा विकासखंड के ग्राम नक्टी में नल जल योजना का कार्य पूरा कर 11 सितंबर 2024 को ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया गया। अब ग्राम पंचायत स्वयं इस योजना का संचालन और रखरखाव कर रही है।
रायपुर जिले की यह उपलब्धि न केवल जल आपूर्ति व्यवस्था में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्य के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण भी बन गई है।