दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, और जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रमुख नलिन प्रभात समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पीर पंजाल क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और केंद्र शासित प्रदेश में जारी विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। गृह मंत्री शाह आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर दोहराते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियों को समन्वित कार्रवाई तेज करने के निर्देश देंगे।
बताया जा रहा है कि यह बैठक हाल के महीनों में राजौरी-पुंछ और अनंतनाग जैसे इलाकों में बढ़ी आतंकी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए बुलाई गई है। इससे पहले अमित शाह ने 1 सितंबर को भी जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। माना जा रहा है कि आज की बैठक में आतंक विरोधी अभियानों को और सशक्त बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस रणनीतियां तय की जाएंगी।