UPI ने बनाया इतिहास, दीपावली से पहले धनतेरस पर लेनदेन हुआ रिकॉर्ड ब्रेक

नेशनल डेस्क: स दीपावली, यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि 18 अक्टूबर यानी धनतेरस के दिन यूपीआई के जरिए 1.02 लाख करोड़ रुपए के लेनदेन हुए, और लेनदेन की संख्या 75.4 करोड़ रही। यह एक दिन में अब तक का सबसे बड़ा यूपीआई रिकॉर्ड है।

वित्त मंत्री ने कहा कि धनतेरस से लेकर दीपावली तक तीन दिनों में यूपीआई पर औसत लेनदेन 73.69 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल यह संख्या 64.74 करोड़ थी। उन्होंने बताया कि इस साल खुदरा विक्रेताओं के लिए दीपावली शानदार रही। जीएसटी दरों में कटौती और स्लैब को युक्तिसंगत बनाने से मध्यम वर्ग को अपने बजट में ज्यादा शॉपिंग करने का अवसर मिला।

वित्त मंत्री ने आगे कहा कि लैब-निर्मित हीरों से लेकर कैजुअल कपड़े और होम डेकोर तक, सभी सेगमेंट में खरीदारी में तेजी देखने को मिली। इस सुधार ने परिवारों की खर्च करने की क्षमता बढ़ाई और मांग को बढ़ावा दिया।

कैट के आंकड़े बताते हैं:
अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के अनुसार, नवरात्रि से दीपावली तक फेस्टिव सीजन में गुड्स की बिक्री रिकॉर्ड 5.40 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई, वहीं सर्विसेज का कारोबार लगभग 65,000 करोड़ रुपए रहा। यह पिछले साल के 4.25 लाख करोड़ रुपए की बिक्री से 25 प्रतिशत अधिक है।

सर्वेक्षण में यह भी बताया गया कि बिक्री में रिटेल का हिस्सा 85 प्रतिशत रहा। ऑफलाइन मार्केट में भी मांग मजबूत रही। खासकर कन्फेक्शनरी, होम डेकोर, जूते-चप्पल, रेडीमेड कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएं में जीएसटी दरों में कटौती ने कीमतों को प्रतिस्पर्धी बनाया और खरीदारी को और बढ़ावा दिया।

इस त्योहारी सीजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि खरीदारी में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों चैनलों में जबरदस्त उछाल आया है, और मध्यम वर्ग ने अपने बजट का अधिकतम लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *