लुधियाना, पंजाब। पंजाब के लुधियाना ज़िले में कबड्डी जगत को हिला देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जगराओं क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल सिंह (23) की कुछ हमलावरों ने दिनदहाड़े पीट-पीटकर और गोली मारकर हत्या कर दी। यह पूरी वारदात एसएसपी ऑफिस से महज 250 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेजपाल अपनी कार से जा रहा था, तभी उसकी गाड़ी की मामूली टक्कर दूसरी कार से हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरी ओर से दो कारों में सवार 7 से 8 युवक बाहर निकले और तेजपाल पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चश्मदीदों का कहना है कि करीब 20 मिनट तक हमलावरों ने बेरहमी से पिटाई की। जाते-जाते एक आरोपी ने तेजपाल के सीने में गोली दाग दी और सभी फरार हो गए।
गंभीर हालत में स्थानीय लोगों ने घायल खिलाड़ी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तेजपाल सिंह, निवासी गिद्दड़विंडी गांव के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी और थाना सिटी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी अंकुर गुप्ता ने बताया कि दोपहर करीब 2:50 बजे हरि सिंह रोड पर तेजपाल और हनी ओमी नामक युवक के बीच झगड़ा हुआ, जिसके दौरान गोली चली। आरोपी हनी ओमी और काला ओमी, दोनों रोमी गांव के रहने वाले हैं, और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी, हालांकि पहले किसी घटना की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। वारदात में एक तीसरे युवक गगन का नाम भी सामने आया है, जो घटना के दौरान कार में मौजूद था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, इस निर्मम हत्या से कबड्डी खिलाड़ियों और खेल जगत में गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।