टी20 में भारत को बड़ा झटका — मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार जीत

मेलबर्न : मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी। पहले बल्लेबाजी में फ्लॉप रही टीम इंडिया गेंदबाजी में भी प्रभाव नहीं छोड़ सकी, जिसके चलते कंगारू टीम ने 126 रन का आसान लक्ष्य सिर्फ 13.2 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में 17 साल बाद भारत को टी20 में मात दी।

टॉस जीतकर गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत से ही पकड़ मजबूत रही। भारतीय बल्लेबाज एक-एक कर पवेलियन लौटते गए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने कुछ देर तक संघर्ष किया। उन्होंने 37 गेंदों पर 68 रन ठोकते हुए 8 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं, हर्षित राणा ने निचले क्रम में 33 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों तक नहीं पहुंच सका। भारत की पूरी टीम 18.4 ओवर में मात्र 125 रन पर सिमट गई।

ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेज़लवुड ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके साथ जेवियर बार्टलेट और नाथ एलिस ने 2-2 विकेट, जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 1 विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। कप्तान मिचेल मार्श (46 रन, 26 गेंद, 4 छक्के, 2 चौके) और ट्रेविस हेड (28 रन, 15 गेंद) ने पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। इसके बाद जोश इंग्लिस (20) और अन्य बल्लेबाजों ने आसान रन बनाए और टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।

भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोक नहीं सके।

कप्तान मार्श की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया ने 40 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की, जबकि भारतीय टीम को अब श्रृंखला में वापसी करने के लिए अगले मुकाबले में हर हाल में जीत की जरूरत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *