नेशनल डेस्कः अब भारतीय रेलवे में टिकट बुकिंग प्रक्रिया और अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनने जा रही है। IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर सुबह 8 बजे से 10 बजे तक टिकट बुक करने के लिए अब आधार लिंकिंग अनिवार्य कर दी गई है। रेलवे का यह कदम फर्जी बुकिंग, बॉट्स और एजेंटों के जरिए टिकट की कालाबाज़ारी को रोकने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
सुबह 8 से 10 बजे तक सिर्फ आधार-वेरीफाइड यूजर्स को ही अनुमति
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुबह 8 से 10 बजे का समय सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला होता है, जब प्रमुख ट्रेनों में सीटों की मांग चरम पर होती है। इस दौरान कई यूजर्स एक से अधिक अकाउंट्स से या ऑटोमेटेड सॉफ्टवेयर की मदद से टिकट बुक कर लेते हैं, जिससे वास्तविक यात्रियों को टिकट नहीं मिल पाता। अब यह समय स्लॉट केवल आधार-प्रमाणित यूजर्स के लिए सुरक्षित रहेगा। जिन उपयोगकर्ताओं ने अपना आधार लिंक नहीं किया है, वे इन दो घंटों के अलावा अन्य समय में टिकट बुक कर सकेंगे।
धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ा कदम
रेलवे ने इससे पहले भी तत्काल टिकट बुकिंग में आधार लिंकिंग को आवश्यक किया था। अब इस व्यवस्था को और सख्त बनाते हुए 1 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग में आधार जरूरी कर दिया गया है। साथ ही, 15 जुलाई 2025 से ऑनलाइन, एजेंट और PRS काउंटर से टिकट लेने के लिए ओटीपी आधारित आधार वेरीफिकेशन सिस्टम लागू किया जाएगा।
आधार वेरीफिकेशन की आसान प्रक्रिया
जो यात्री अब तक आधार लिंक नहीं कर पाए हैं, वे कुछ ही मिनटों में यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए—
- IRCTC की वेबसाइट www.irctc.co.in पर लॉगिन करें।
- My Profile सेक्शन में जाकर User Verification पर क्लिक करें।
- अपना आधार नंबर या वर्चुअल ID दर्ज करें।
- विवरण की जांच करें और Verify Details पर क्लिक करें।
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आने वाले OTP को दर्ज करें।
- एक बार प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूजर किसी भी समय, यहां तक कि 8 से 10 बजे के स्लॉट में भी, टिकट बुक कर सकता है।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर फोकस
रेलवे के इस नए कदम से टिकट बुकिंग प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और साइबर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। यह बदलाव आम यात्रियों के हित में उठाया गया है ताकि लोकप्रिय ट्रेनों की सीटें असली यात्रियों तक पहुंचें, न कि ऑटोमेटेड सिस्टम या एजेंटों के पास।
रेलवे की नई नीति का उद्देश्य स्पष्ट है — हर यात्री को समान अवसर और सुरक्षित डिजिटल टिकटिंग अनुभव प्रदान करना।