भिलाई-3: डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भूतपूर्व छात्र सम्मेलन 2025 का आयोजन किया गया, जिसमें “फिर वही सुनहरे पल” की थीम पर पूर्व छात्रों ने अपनी यादें ताजा कीं।
कॉलेज प्रशासन और एलुमनी एसोसिएशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रंगत देखने को मिली। कभी गीतों के माध्यम से पुरानी यादें जीवंत हुईं, तो कभी नृत्य में कॉलेज के सुनहरे दिनों की झलक देखने को मिली। लंबे समय बाद मिलने वाले भूतपूर्व छात्रों में खुशी के साथ-साथ कॉलेज की पुरानी यादों में खो जाने का भाव भी स्पष्ट था।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद भूतपूर्व छात्रों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। कई पूर्व प्राध्यापक भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। छात्रों ने उन्हें मंच पर आमंत्रित कर उनके पैर छुए और पुष्पगुच्छ देकर आशीर्वाद लिया।
एलुमनी एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन केवल यादों को ताज़ा करने का अवसर नहीं है, बल्कि कॉलेज के विकास में पूर्व छात्रों के योगदान को पहचानने का भी एक महत्वपूर्ण मंच है।