सीएम साय का बालोद-बिलासपुर दौरा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज प्रदेश के दो जिलों—बालोद और बिलासपुर—के दौरे पर रहेंगे। उनका कार्यक्रम आज दोपहर 12:30 बजे रायपुर से बिलासपुर प्रस्थान से शुरू होगा। बिलासपुर पहुंचकर वे रतनपुर में मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे कलचुरी कलार महासंघ महोत्सव 2025 में शामिल होंगे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सीएम बालोद जिले के डौंडीलोहारा स्थित ग्राम संबलपुर पहुंचेंगे, जहां मिनी स्टेडियम में आयोजित मोरार पटेल द्वारा युवक-युवती परिचय सम्मेलन और शाकंभरी महोत्सव में हिस्सा लेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 5:15 बजे रायपुर लौटेंगे।
व्यापमं द्वारा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक भर्ती परीक्षा:
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) आज ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष व महिला) पदों के लिए भर्ती परीक्षा का आयोजन कर रहा है। परीक्षा रायपुर जिले के 9 केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी। इस परीक्षा के लिए कुल 2488 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने विशेष निर्देश दिए हैं। सभी केंद्रों में घड़ी लगाने और परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
किसानों के लिए बड़ी सौगात: आज लॉन्च होगा तुहर टोकन एप:
राज्य सरकार आज किसानों के हित में एक नई पहल करने जा रही है। धान खरीदी प्रक्रिया को और सुगम बनाने के लिए तुहर टोकन एप का आज औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस मोबाइल एप के माध्यम से किसान अब डिजिटल रूप से टोकन प्राप्त कर सकेंगे। योजना के तहत बड़े किसानों को तीन और छोटे किसानों को दो टोकन दिए जाएंगे।
अब तक 26 लाख 49 हजार से अधिक किसानों ने धान विक्रय के लिए अपना पंजीयन कराया है, जो पिछले सीजन की तुलना में एक लाख से अधिक है। यह एप किसानों को समय और पारदर्शिता दोनों में सुविधा प्रदान करेगा।