बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पारिवारिक रिश्तों को कलंकित करने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नांगल थाना क्षेत्र के तिसोतरा गांव में एक पिता ने अवैध संबंधों का राज खुलने पर अपने ही बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए आरोपी 60 वर्षीय सुभाष को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की शुरुआत 14 नवंबर को हुई, जब सुभाष ने थाने में अपने 30 वर्षीय बेटे सौरभ की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले ही दिन उसने पुलिस को सूचना दी कि बेटे का शव गांव के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला है। सुभाष ने दावा किया कि बेटे की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें सौरभ की मौत जंगली जानवर के हमले से नहीं, बल्कि धारदार हथियार से मिली गंभीर चोटों के कारण होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस का शक पिता पर गहरा गया।
सख्ती से पूछताछ करने पर सुभाष टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका अपनी बहू के साथ अवैध संबंध था। बेटे सौरभ ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह लगातार तनाव में था।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को सौरभ जब खेत की ओर गया, तो सुभाष ने मौके का फायदा उठाकर उस पर कुदाल से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को खेत में छोड़ दिया और कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विवेचना जारी है।