रिसाली | नगर पालिक निगम रिसाली के अंतर्गत आने वाले दस वार्डों में बुधवार 19 नवंबर से अगले दो दिनों तक पेयजल की आपूर्ति पूर्ण रूप से प्रभावित रहेगी। श्याम नगर पानी टंकी से निकलने वाली मुख्य 600 एमएम डाया डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन में आत्मानंद स्कूल के पास आई खराबी के मरम्मत कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है।
निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शटडाउन लेकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन का मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान वार्ड क्रमांक 22 से लेकर 31 तक के निवासियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ेगा।
निगम प्रशासन ने बताया कि मरम्मत अवधि के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए यह भी स्पष्ट किया गया है कि पेयजल आपूर्ति शुक्रवार, 21 नवंबर 2025 से बहाल कर दी जाएगी।