रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने राज्य सरकार पर सीधा हमला तेज कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए सरकार को 30 नवंबर तक का समय दिया है, जिसमें दरों में कमी और जनता को राहत देने की मांग की गई है। कांग्रेस का कहना है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सरकार कोई कदम नहीं उठाती, तो दिसंबर के दूसरे सप्ताह में वे मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
कांग्रेस इससे पहले भी जिला और ब्लॉक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन कर चुकी है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार को चेताते हुए कहा कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी जनता पर अनावश्यक बोझ है और इसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की वजह से उपभोक्ता परेशान हैं, इसलिए सरकार को तत्काल बिजली बिल हाफ योजना लागू करनी चाहिए।
कांग्रेस के इस अल्टीमेटम ने बिजली दरों के मुद्दे को एक बार फिर राज्य की राजनीति के केंद्र में ला दिया है।